म्योरपुर/सोनभद्र.@संदीप अग्रहरी……
— वर पक्ष के किरबिल में पट्टीदार के वृद्ध की भी हुई मौत

स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शनिवार रात डीजे का विवाद घराती और बराती पक्ष के मारपीट बदल गया। मारपीट के दौरान हुई भगदड़ में एक किशोर कुएं में गिर गया और एक युवक घायल हो गया।
थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में चंद्रिका की पुत्री नीलू की शादी बभनी थाना क्षेत्र में तय हुई थी, इसको लेकर बीती रात गांव में बारात आई। इस दौरान बारात में जयमाल के बाद डीजे बंद करने को लेकर घराती और बाराती पक्षों में बहस शुरू हुई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान बारात में आई चार छोटी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। मारपीट के दौरान शादी में खाना बना रहे विद्याशंकर (35 वर्ष) पुत्र गुलाबचंद के सिर पर डीजे का साउंड बॉक्स गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद भगदड़ में दुल्हन की बड़ी बहन गीता देवी (27 वर्ष) भी बेहोश हो गईं। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
मारपीट और अफरातफरी के बीच बारात देखने आया किशोर महेंद्र पनिका (12 वर्ष) पुत्र नंदलाल पनिका मारपीट देखकर भागने लगा। अंधेरे में वह एक कच्चे कुएं में गिर गया। उसके साथ भाग रहे आठ वर्षीय बालक ने शोर मचाया, जिसके बाद महेंद्र के भाई राम और सुरेंद्र कुएं में उतरकर उसे बाहर निकाला। कुएं से निकालने के बाद महेंद्र को म्योरपुर सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसी विवाद के दौरान जहां बारात आई थी, पट्टीदार के 70 वर्षीय रामगुलाम जो बीमार चल रहे थे की मौत हो गई। इससे परिवार के लोग मातम में डूब गए। इसके बावजूद शादी की रस्में पूरी हुईं और अगली सुबह दुल्हन की विदाई की गई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बच्चालाल प्रजापति ने बताया कि रामगुलाम कई दिनों से बीमार चल रहे थे डॉक्टरो ने जवाब दे दिया था। बारात के विवाद को भी सुलझा दिया गया है। इसके बाद रामगुलाम का अंतिम संस्कार कराया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी राम दरस राम ने बताया कि डीजे को लेकर विवाद हुआ था, जिसे दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया है।