मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन…..

निदेशालय उ०प्र० खेल भवन, लखनऊ के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय सोनभद्र द्वारा खेल संघों के समन्वय से वर्ष 2025-26 में जूनियर बालक और बालिका वर्ग की जूडो, वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता 14 मार्च को सफलतापूर्वक आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बालक और बालिकाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें जूडो में 55 बालक और 30 बालिकाओं ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल और हैंडबॉल में बालक वर्ग में आठ टीमें और बालिका वर्ग में छह-छह टीमें मैदान में उतरीं।
जूडो में बालिकाओं में पलक पाल और परी पाल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग में अभिन्नदन सिंह, हार्दिक, ओम पाल और वैभव सिंह ने अपनी श्रेणियों में पहला स्थान पाया। वॉलीबॉल में बालक वर्ग का फाइनल बभनौली और चतरा के बीच हुआ, जिसमें चतरा ने 2-1 सेट से जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में तियरा स्टेडियम ने सनबीम स्कूल को 2-1 से हराकर विजेता रही। हैंडबॉल में बालक वर्ग में हिण्डालक ने रेनुकुट को 5-1 से परास्त किया।

जबकि बालिका वर्ग में रेनुकुट ने हिण्डालक को 2-1 से मात दी। इस अवसर पर जूडो प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि शुभम जायसवाल, हैंडबॉल के बैजनाथ यादव और वॉलीबॉल के बलराम कृष्ण यादव रहे। सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने उपस्थित अधिकारियों, खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में जिला प्रशासन, खेल विभाग और स्थानीय खेल प्रशिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमा प्रदान की।