@जेo केo/सोनभद्र…….
— उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
— अन्नप्र्र्राशन गोदभराई की गयी रस्म अदायगी

Sonbhadra । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ0 बबीता सिंह चौहान व महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने आज सर्किट हाउस सभागार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने परंपरागत रीति-रिवाजों के तहत अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में रस्म अदायगी की और उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को आशीर्वाद दिया। महिला आयोग की सदस्य ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव के कार्यक्रम में भी प्रतिभाग की।

इसके उपरांत उन्होंने जनपद के अधिकारियों के साथ महिला कल्याण से संबंधित संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की, समीक्षा के दौरान उन्होंने महिला कल्याण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि कन्या सुमंगला योजना, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए जिससे अधिक से अधिक लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला पंचायत राज विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया जाए तथा उनके नियमित उपयोग और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने महिला उत्पीड़न से संबंधित प्राप्त मामलों की सुनवाई भी की। उन्होंने पुलिस विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, सी0ओ0 चारू द्विवेदी, प्रोबेशन अधिकारी इन्द्रावती, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, सहित सम्बन्धित अधिकारीगण जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।
