अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह…..

स्थानीय थाना क्षेत्र में चोरों ने अंग्रेजी मदिरा की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और महंगी शराब की बोतलें चोरी कर लीं। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार अनपरा बाजार के समीप ताप परियोजना की जमीन पर सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान संचालित की जा रही है।
दुकान के सेल्समैन संदीप सिंह ने स्थानीय थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि बीते 3 मार्च की रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर दुकान में घुस गए और लाखों रुपये की नगदी, महंगी शराब की कई बोतलें तथा स्कैनर मशीन लेकर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि चोरों की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर दुकान के अंदर घुसकर आराम से सामान समेटते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
इस संबंध में अनपरा प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर कवरेज क्षेत्र से बाहर होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।