अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह……

थाना अनपरा क्षेत्र के बैरपान में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।सड़क किनारे खड़ी कोयला लोड ट्रेलर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर सड़क किनारे खड़ी थी।इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने ट्रेलर में सीधी टक्कर मार दी।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला।
घायल की पहचान 26 वर्षीय आशीष पुत्र रामरतन यादव निवासी बराईडांड के रूप में हुई है।उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया,जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।