मुख्यालय/सोनभद्र. @विशाल टंडन…..

जनपद सोनभद्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 17 फरवरी 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मेन चौक, रॉबर्ट्सगंज में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ एवं उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। यहां सामान्य रोगों का निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। साथ ही मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, बीएमडी और पीएफटी जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह बेहद जरूरी है। आयोजकों ने जिले के अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।