घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी……

सोनभद्र मिर्जापुर बॉर्डर के सीमावर्ती जमुई गांव में रविवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मौसेरे भाई का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मंदहा गांव निवासी विकास यादव 25 वर्ष पुत्र रामविलास यादव की मौसी की नातिन का तिलक चढ़ाने के लिए रविवार को मिर्जापुर जिला के जमुई गांव में गया था। तिलक कार्यक्रम संपन्न हो जाने के पश्चात वह अपने मौसेरे भाई श्रीकांत यादव 30 वर्ष पुत्र आशीर्वाद यादव, निवासी डिबर, थाना घोरावल के साथ बाइक से वापस लौट रहा था।
इसी दौरान मिर्जापुर घोरावल मार्ग पर मिर्जापुर जिला के मड़िहान थाना क्षेत्र के जमुई गांव में स्थित एक पुलिया के पास बाइक सवार दोनों युवक पीछे से आ रहे एक कार की चपेट में आ गए। कार पर स्कूली वाहन लिखा हुआ था। हादसे के बाद बाइक बाइक धू धू करके जलने लगी। विकास की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि श्रीकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। रिश्तेदारोंने श्रीकांत को मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जबकि विकास को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहां विकास को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, वही श्रीकांत को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।विकास तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके ढाई वर्ष की एक बेटी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।