विंढमगंज/सोनभद्र. @आनंद गुप्ता…..

दुद्धी ब्लाक के महुली कस्बे में चल रहे राजा बरियार शाह मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबले में रविवार को भटगांव ( छत्तीसगढ़) ने मेजबान महुली को एक गोल से हराकर विजेता ट्राफी पर कब्जा कर लिया। मुख्य अतिथि समाजसेवी संजीव जौहरी ने विजेता टीम को ट्राफी एवं मेडल प्रदान किया और उन्हें जीत की बधाई दी। नब्बे मिनट के मैच में पहले हाफ के अट्ठाइसवें मिनट में भटगांव के सात नंबर जर्सी के खिलाड़ी अनिश ने पहला गोल डाला।

गोल खाते ही मैच का रोमांच चरम पर पहुंच गया। सेकेंड हाफ में दोनों टीमों की ओर से गोल करने के कई बेहतरीन प्रयास किए गए लेकिन गोलपोस्ट से टकराकर गेंद वापस होती रही और गोल होते होते बचा। अन्तिम क्षणों तक अन्य कोई गोल नहीं होने से भटगांव टीम ने यह मुकाबला 1-0 गोल से जीत लिया। भटगांव के खिलाड़ी अनिश को मैन आफ द टूर्नामेंट और मैन आफ द मैच चुना गया। राजकपूर और विजेंद्र कुमार लाइंसमेन एवं दीपक कुमार सिंह रेफरी की भूमिका में रहे। समारोह की अध्यक्षता दुद्धी ब्लाक प्रमुख रंजनामणि चौधरी ने किया।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि म्योरपुर जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह गोड़, बघाड़ू जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम, टूर्नामेंट अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल, भूल्लू राम कन्नौजिया, मनोज मिश्रा, राजन चौधरी, दिलीप कन्नौजिया, राम लखन कन्नौजिया, कलामुद्दीन सिद्दीकी, दिनेश यादव, बुंदेल चौबे, बीरेंद्र कन्नौजिया, पंकज गोस्वामी, राजनाथ गोस्वामी, कमलेश विश्वकर्मा, विवेक कुमार, अमित कुमार, अमरेश कन्नौजिया आदि मौजूद रहे। मंच संचालन राकेश कुमार कन्नौजिया ने किया।