@जे0 के0……

Sonbhadra । चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा के समीप भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एक DJ वाहन सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि DJ वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में मृत दोनों व्यक्तियों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि DJ वाहन किसी कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी गुरमुरा के पास यह हादसा हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।





