म्योरपुर/सोनभद्र. @संदीप अग्रहरी…..
— कार-पिकअप की भीषण टक्कर में महिला समेत तीन की मौत, दो घायल

स्थानीय थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर विषधरवा टोला के पास कार और पिकअप की आमने-सामने हुई, जोरदार टक्कर में कार सवार महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
हादसे में मृतकों की पहचान संजय (60 वर्ष) निवासी चेतवा थाना बीजपुर, अखिलेश (65 वर्ष) तथा उनकी पत्नी हीरामनी (55 वर्ष) निवासी सेवकामोड़ थाना बीजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
पिकअप चालक मुस्लिम (20 वर्ष) पुत्र इद्दु निवासी बडहोर तथा गोविंद (35 वर्ष) पुत्र रमेश जायसवाल निवासी बभनी थाना बभनी घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक प्रभु निवासी सेवकामोड़ थाना बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ने बताया कि सभी लोग कार से राबर्ट्सगंज एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार सवार वाहन में फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन कार सवारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।