रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत हिंडालको कॉलोनी में रविवार की शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 13 वर्षीय बालिका ने अज्ञात परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रेणुकूट चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान अंजली यादव (13) पुत्री दरोगा सिंह यादव के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंजली ने घर में ही पंखे से फांसी लगा ली। घटना के समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने अंजली को पंखे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि बालिका का स्वभाव कुछ उग्र था और वह बात-बात पर नाराज हो जाती थी। आशंका जताई जा रही है कि परिजनों की किसी बात से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है l