अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह…….

नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या- 03 स्थित आज़ाद नगर से मुख्य मार्ग अनपरा मोड़ तक नाली न होने के कारण क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित होता है।साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पंचायत में कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।समस्या से परेशान नागरिकों ने शीघ्र नाली निर्माण कराए जाने की मांग करते हुए नगर पंचायत को पत्र सौंपा है।ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस संबंध में नगर पंचायत अनपरा के अध्यक्ष विश्राम प्रसाद बैसवार ने बताया कि गंतव्य सोसाइटी के प्रबंधन द्वारा पत्र प्राप्त हुआ है।नाली निर्माण के लिए एनओसी प्राप्त करने हेतु संबंधित विभाग को पत्राचार किया जा चुका है।पटरी इंटरलॉकिंग एवं नाली मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।जिसकी स्वीकृति मिलने पर कार्य कराया जाएगा।
अध्यक्ष ने यह भी बताया कि हाइवे किनारे पूर्व में कराई गई नाली का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण नालियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।जिससे उनकी नियमित सफाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।