रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा….
__चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा के समीप हुआ दर्दनाक हादसा

चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरमुरा के समीप शनिवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बोलेरो चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। मृतक की पहचान सतवंत यादव (उम्र 25 वर्ष) पुत्र रामअवतार यादव निवासी डंडीहरा गांव थाना म्योरपुर के रूप में हुई है।
बताया गया कि सतवंत यादव शनिवार की भोर वाराणसी से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ बोलेरो में भगत गोंड़ नामक युवक भी बैठा हुआ था। जैसे ही उनका वाहन गुरमुरा के पास पहुंचा, उसी दौरान सड़क पर आगे चल रहे एक डीसीएम वाहन के बगल में लंबा बांस बाहर की ओर निकला हुआ था। बोलेरो जब डीसीएम से पास लेने लगी, तभी अचानक डीसीएम में लगा वही बांस बोलेरो का शीशा तोड़ते हुए सीधे चालक सतवंत के सीने में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद साथ बैठे भगत गोंड़ ने घायल सतवंत को दूसरी ओर किया और खुद वाहन चलाते हुए उसे तेजी से हिंडालको चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर रेणुकूट चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन चूंकि हादसे का स्थल चोपन थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए इसकी सूचना चोपन पुलिस को दी गई। चोपन थाने से पहुंचे उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव ने रेणुकूट पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
उधर, हादसे के बाद आगे जा रही डीसीएम को रेणुकूट चौकी पुलिस ने कब्जे में लेकर चोपन पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
इधर बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जवान बेटे की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।