@जे0के0/सोनभद्र……

Sonbhadra । राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा “सस्टेनेबल एनर्जी मैनेजमेंट इन स्मार्ट सिटीज़” विषय पर पाँच दिवसीय शॉर्ट टर्म कोर्स का शुभारंभ बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. एम. के. एस. सास्त्री (नामीबिया) थे, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर ऊर्जा प्रबंधन की चुनौतियों एवं स्मार्ट सिटी के संदर्भ में नवाचारों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सतत ऊर्जा के उपयोग से ही भविष्य की स्मार्ट सिटी की परिकल्पना संभव है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. एस. एम. त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को ऊर्जा संरक्षण, स्मार्ट ग्रिड तथा आधुनिक विद्युत तकनीकों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कोर्स के उद्देश्य और महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण छात्रों एवं शोधार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
कोर्स के कोऑर्डिनेटर डॉ. पटेल व उनकी टीम ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के निदेशक प्रो. जी. एस. तोमर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रों को ऊर्जा क्षेत्र के नए अवसरों का लाभ उठाने तथा अनुसंधान व नवाचार के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी।
उद्घाटन सत्र के बाद तकनीकी व्याख्यान और इंटरएक्टिव सेशन आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।