रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाढ़ा बैरियर के समीप रविवार की देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शक्तिनगर की ओर से राखड़ लेकर आ रही एक ट्रक अचानक आग की लपटों में घिर गई। बताया गया कि ट्रक का टायर अधिक गर्म हो जाने के कारण उसमें आग लग गई, जो धीरे-धीरे पूरी गाड़ी तक फैल गई। देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धूकर जलने लगा।
ट्रक चालक अजय यादव, निवासी मिर्जापुर ने जब धुआं उठता देखा तो तुरंत वाहन रोक दिया और किसी तरह नीचे उतरकर दूर हट गया। उसने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी हिंडाल्को के फायर ब्रिगेड को दी गई।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। सौभाग्य से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और अन्य वाहनों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाने के बाद यातायात को सामान्य किया गया।
स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक मालिक को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन के टायर में अत्यधिक गर्मी ही आग लगने का प्रमुख कारण प्रतीत होता है।