रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा..

रविवार की शाम करीब 6:30 बजे मुर्धवा मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक खड़ी हाईवा अचानक खुद-ब-खुद चल पड़ी और सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसी। घटना से मौके पर हड़कंप का माहौल बन गया। संयोग अच्छा रहा कि उस समय दुकान के पास कोई वाहन या व्यक्ति नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता थाl
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा मोड़ पर खड़ी थी और उसी दौरान चालक बिना हैंड ब्रेक लगाए वाहन छोड़कर कहीं चला गया। कुछ ही देर बाद अचानक हाईवा ढाल की तरफ स्वतः आगे बढ़ने लगी। वाहन को बिना ड्राइवर के चलते देख पीछे से एक युवक जोर-जोर से चिल्लाते हुए आया और लोगों को रास्ते से हटने की चेतावनी दी। जब तक कोई कुछ समझ पाता, हाईवा अनियंत्रित होकर गोलू चौरसिया की चाय की दुकान में घुस गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दुकान का अधिकांश सामान क्षतिग्रस्त हो गया और भारी नुकसान हो गया। यातायात पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को संभाला और हाईवा को कब्जे में ले लिया है।
यातायात प्रभारी उमेश वर्मा ने बताया कि—
“हाईवा का चालक लापरवाही से बिना हैंड ब्रेक लगाए वाहन छोड़कर चला गया था, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। फिलहाल वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।” स्थानीय लोगों ने चालक की लापरवाही पर नाराज़गी जताई और कहा कि यदि घटना के समय भीड़ होती तो जानमाल की भारी क्षति हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुकान मालिक हुए नुकसान का आकलन कर रहा है।