घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी…..

घोरावल तहसील क्षेत्र के जोगिनी ग्राम पंचायत के लोड़हटा गांव में गोवर्धन पूजा एवं बिरहा कार्यक्रम संपन्न हो गया।शनिवार सुबह तक चले बिरहा कार्यक्रम में श्रोताओं ने जमकर लुत्फ उठाया।यह पूजा पिछले 5 वर्ष से दीपावली के बाद आयोजित किया जा रहा है। गोवर्धन पूजा में क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई।
नौगढ़ से आए पुजारी राजेंद्र यादव ने सबसे पहले हांथ में उपली लेकर मंत्रोच्चार करते हुए अग्नि देव का आह्वान किया। अग्नि प्रज्वलित करने के बाद कड़ाहा देने की रस्म पूरी हुई। इसके पश्चात पुजारी राजेंद्र यादव ने खौलते हुए दूध से स्नान किया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं माता राधारानी की जमकर जय जयकार हुई।

पुजारी राजेंद्र यादव ने बताया कि गोवर्धन पूजा के रूप में हम सभी श्री कृष्ण भगवान की पूजा करते हैं। दूध से स्नान करने की परंपरा भी इसी पूजा से जुड़ी हुई है। इसमें हमें ऐसी शक्ति प्राप्त होती है, जिससे खौलता हुआ दूध भी हमारे ऊपर असर नहीं करता है।यह कृष्ण पूजा है, जिसे द्वापरयुग में भगवान कृष्ण ने कराया था। गोवर्धन पूजा अच्छी वर्षा और खुशहाली के लिए की जाती है। उन्होंने भविष्यवाणी किया कि कृष्णपक्ष के बाद जाड़े में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। गर्मी में तेज आंधी तूफान आने की संभावना है। वहीं अगले साल अच्छी बारिश होने और अच्छे फसल होने की बात कही।
दिन भर चले पूजा कार्यक्रम के बाद रात्रि में बनारस से आए बिरहा गायक भैयालाल पाल और सोनभद्र के बल्ली यादव के बीच जमकर बिरहा मुकाबला हुआ। शनिवार सुबह तक लोगों ने बिरहा कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सालिक यादव ने किया और मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव रहे।इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव, कार्यक्रम संयोजक राकेश कुमार यादव,विजय मिश्रा, बीडीसी रामचंद्र, आशुतोष यादव, सुनील सिंह पटेल, राजाराम पटेल इत्यादि मौजूद रहे।