रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा….

दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब बस स्टैंड के समीप हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, म्योरपुर थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी विजय गुप्ता पुत्र राजा गुप्ता दीपावली के दिन रात में किसी कार्यवश रेणुकूट बस स्टैंड के पास मुर्धवा की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर बुरी तरह कुचल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में विजय को तत्काल हिंडालको चिकित्सालय भेजवाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती कर लिया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपावली जैसी खुशियों भरी रात में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।