शाहगंज/सोनभद्र (विवेक मिश्रा)….

स्थानीय बाजार में संचालित जंग बहादुर सिंह इंटर कालेज के प्रांगण में शिवाच्चल क्षेत्र की दो दिवसीय विद्यालयी खेल-कूद प्रतियोगिता शुक्रवार को सम्पन्न हो गई। इस मौके पर कालेज के प्रबंधक राजीव कुमार सिंह द्वारा प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। आयोजन के प्रारंभ में कालेज की बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का सम्मान किया गया।
तत्पश्चात विद्यालय के बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।खेल -कूद प्रतियोगिता में शिवांच्चल जोन के सभी विद्यालयों ने भाग लिया। जिसमें १००मीटर,२००मीटर एवं४००मीटर की दौड़ में भारतीय इंटर कालेज घोरावल प्रथम,जंग बहादुर सिंह इंटर कालेज द्वितीय एवं जीआईसी घोरावल तृतीय स्थान पर रहे। आयोजन के समापन के पूर्व स्थान प्राप्त प्रतिभागी बच्चों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने मौजूद छात्र -छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेल कूद से जहां स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन ठीक रहता है वहीं दूसरी तरफ लोगों में सद्भाव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मानवीय जीवन में सर्वांगीण विकास के लिए खेल -कूद के साथ -साथ संस्कार, सद्विचार एवं पढ़ाई-लिखाई भी जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शैलेश उपाध्याय द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। मौके पर कालेज के प्रधानाचार्य नागेंद्र प्रसाद,सत्य प्रकाश चौबे, अमित सिंह, रवि शंकर त्रिपाठी,संजय सिंह, मनोज यादव, बृजेश उपाध्याय सहित शिक्षक गण एवं तमाम छात्र -छात्राएं मौजूद रहे।