@जे0 के0…..

Sonbhadra। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में संचालित आटा निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से आटे के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर की गई।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार समाचार पत्रों में आटा में शैलखड़ी (सोप स्टोन), चावल एवं अन्य पदार्थों की मिलावट संबंधी खबरों के बाद विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 अगस्त 2026 को विभागीय टीम ने रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के लसड़ा स्थित अनन्या फूड किंग इंडस्ट्रीज प्रा. लि. तथा शरद इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों इकाइयों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों को पैलेट पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। वहीं शरद इंडस्ट्रीज में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी की गई।
दोनों प्रतिष्ठानों से गेहूं के आटे के 5-5 किलोग्राम पैकेट खोलकर नियमानुसार नमूने लिए गए और खाद्य विश्लेषक को जांच के लिए भेज दिए गए। शेष 3-3 किलोग्राम आटे के पैकेट सील कर संबंधित इकाइयों के स्वामियों की अभिरक्षा में सौंप दिए गए।

इसके अलावा विभागीय टीम ने घोरावल क्षेत्र के सिरसाई गांव स्थित मां वैष्णो इंडस्ट्रीज का भी निरीक्षण किया और वहां से गेहूं के आटे का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







