रेणुकूट/सोनभद्र (अमिताभ मिश्रा)……

स्थानीय नगर व आसपास के क्षेत्र में गुरुवार की शाम पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर चार पहिया वाहनों में लगी काली फिल्म को उतरवाया। यह अभियान क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय और रेणुकूट चौकी प्रभारी संजय सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
अभियान के दौरान पुलिस ने नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्र में गुजरने वाले वाहनों की जांच की। जिन वाहनों में शीशों पर काली फिल्म पाई गई, उनके चालकों को तत्काल फिल्म उतरवाने के निर्देश दिए गए। कई जगहों पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन के शीशों पर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित काली फिल्म न लगाने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सके। वहीं, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना और आमजन को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से नगर में हड़कंप मचा रहा और कई वाहन चालक स्वेच्छा से अपनी गाड़ियों से काली फिल्म हटाते देखे गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।