मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति सोनभद्र के तत्वावधान में रविवार को परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व समिति के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार राय ने किया। प्रत्येक रविवार को आयोजित हो रहे प्रदर्शन का यह पांचवां रविवार था।

मुकेश कुमार राय ने कहा कि अनुदेशक शिक्षक करीब 14 वर्षों से विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित शिक्षकों के समान वेतन और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने 4 फरवरी 2026 के 46 पृष्ठों के निर्णय में अनुदेशक शिक्षकों को नियमित शिक्षक मानते हुए बकाया एरियर सहित समान वेतन व अन्य सुविधाएं देने का आदेश दिया था।

अनुदेशकों का कहना है कि आदेश के अनुपालन के लिए अब तक शासनादेश जारी नहीं हुआ है। उनके अनुसार सरकार की ओर से दाखिल रिव्यू पिटीशन भी सर्वोच्च न्यायालय खारिज कर चुका है। प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखते हुए शासन से आदेश का शीघ्र अनुपालन कराने की मांग की।

प्रदर्शन में विनय मौर्य, चंद्रमणि यादव, शिवांकर त्रिपाठी, राजकुमार, गायत्री सिंह, महेश गिरी, जयप्रकाश यादव, रामलाल, रमेश कुमार चौधरी, प्रीतेश, सौरभ पांडेय, अरुण कुमार त्रिपाठी और वीरेंद्र यादव समेत अन्य अनुदेशक मौजूद रहे।
