रेणुकूट/सोनभद्र (अमिताभ मिश्रा)…..

स्थानीय नगर के हिंडालको आवासीय परिसर स्थित रामलीला मैदान में इस वर्ष विजयादशमी पर्व का आयोजन भव्य स्वरूप में किया जा रहा है। गुरुवार की शाम यहां 90 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। विशालकाय पुतले के दर्शन करने और दहन कार्यक्रम को देखने के लिए नगर समेत आसपास के गांवों और कस्बों से भारी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
रामलीला परिषद के राजेंद्र सिंह शेखावत ने जानकारी दी कि रावण के पुतले का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। गुरुवार को दिन में क्रेन की सहायता से पुतले को मैदान में खड़ा किया जाएगा। शाम को भगवान राम द्वारा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीकात्मक संदेश देते हुए रावण दहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी रामलीला मैदान में आकर्षक मंच सजाया गया है।
आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि सभी सुरक्षित तरीके से कार्यक्रम का आनंद उठा सकें। परिषद की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। पंडाल में पर्याप्त प्रकाश एवं ध्वनि की व्यवस्था की गई है, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के लिए योजना बनाई गई है। गुरुवार शाम को होने वाले इस आयोजन को लेकर पूरे नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल है।
दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है और बच्चों में खासा जोश देखा जा रहा है। नगरवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि कब विशालकाय रावण का पुतला अग्नि की लपटों में धधक कर धराशायी होगा और “सत्य की जीत, असत्य की हार” का संदेश गूंजेगा।