घोरावल/सोनभद्र (विजय अग्रहरी)…..

निजी बस का संचालक को मोबाइल फोन पर बस जला देने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।ओम प्रकाश त्रिपाठी पुत्र रमाकांत त्रिपाठी निवासी रावर्ट्सगंज पेशे से अधिवक्ता है। राबर्ट्सगंज कचहरी में विधि व्यवसाय करते हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी एक बस राबर्ट्सगंज से घोरावल चलती है। 10 सितंबर की रात लगभग 8.30 बजे उनके मोबाइल पर धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय देते हुए बोला कि घोरावल से बोल रहा हूँ। गाड़ी घोरावल अब नही चलेगी, चलेगी तो तुम्हारी गाड़ी को फूक दूगा। मेरा घर खुटहा गांव में है औऱ मै गैंगेस्टर हूँ। डकैत हूँ मर्डर करता हूँ। सुबह 11 बजे जब वह कचहरी पहुंचे ही थे तभी पुनः फोन उसी नम्बर से आया और बोला गया कि उनके बस में आग लगी है। घोरावल आओ, मर्डर भी कर देगे। उसने अपशब्दों का प्रयोग भी किया। आरोपी व्यक्ति बार बार फोन कर रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि फोन करने वाले अज्ञात आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
