मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..परिसर में खड़ी हैं खराब बसें, सड़क पर लग रहा रोजाना जाम; एंबुलेंस तक फंसने से उठे सवाल, व्यापार संगठन ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

जिला मुख्यालय पर करीब 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोडवेज बस स्टेशन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। एक ओर बस स्टेशन परिसर में खराब बसें खड़ी हैं, वहीं दूसरी ओर मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी है, जिससे आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है।

फ्लाईओवर के नीचे बसों के ठहराव के लिए यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। यहां महिलाओं और बच्चियों के बैठने, पेयजल तथा शौचालय की व्यवस्था नहीं है। पास में पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा होने के कारण पहले से ही इस क्षेत्र में भीड़ रहती है। बसों के संचालन से यातायात का दबाव और बढ़ जाता है।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर 8 दिसंबर 2025 को परिवहन निगम के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025, 17 अप्रैल, 23 मई और 2 नवंबर 2026 को भी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और मंडलायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया।

सोनभद्र डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने भी मिर्जापुर डिपो को बसों का संचालन सोनभद्र डिपो से कराने के संबंध में पत्र भेजा था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

संगठन ने सवाल उठाया है कि जब करोड़ों रुपये खर्च कर बस स्टेशन बनाया गया है तो उसका उपयोग क्यों नहीं हो रहा है? परिसर में खड़ी बसों की स्थिति और उनकी मरम्मत की जांच क्यों नहीं कराई जा रही है? कौशल शर्मा ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर बसों का संचालन बस स्टेशन से सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम और असुविधा से राहत मिल सके।