मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

यातायात जागरूकता माह के तहत ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को बढ़ौली चौराहे पर पुलिस ने जब्त किए गए 500 से अधिक प्रतिबंधित प्रेसर हॉर्न, हूटर और मानक के विपरीत साइलेंसर सहित अन्य उपकरणों को बुलडोजर चलवाकर नष्ट कराया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन में की गई। यातायात माह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर इन प्रतिबंधित उपकरणों को जब्त किया गया था। शनिवार को सार्वजनिक रूप से इनका विनष्टीकरण कराया गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित प्रेसर हॉर्न, हूटर और तेज आवाज वाले मानकविहीन साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। ऐसे उपकरणों के प्रयोग से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आम लोगों को परेशानी होती है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की।