संवाददाता@बलवंत सिंह…..
जिला पंचायत निधि से होगा सीसी सड़क का निर्माण, ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत

करमा विकासखंड की ग्राम सभा सुकृत में विकास की नई पहल शुरू हुई है। आजादी के बाद पहली बार गांव में दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायत निधि से बनने वाली इन दोनों सीसी सड़कों का शिलान्यास जिला पंचायत सदस्य मधुपुर उषा देवी ने विधिवत भूमि पूजन कर किया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों में इस पहल को लेकर खुशी देखी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली सीसी सड़क शिवगंगा हॉस्पिटल के आगे से पंचायत भवन होते हुए नहर तक बनाई जाएगी। वहीं दूसरी सड़क सुकृत मुख्य हाईवे से पंचायत भवन एवं प्राथमिक विद्यालय होते हुए डीएमएफ रोड तक निर्मित होगी।

दोनों सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर स्कूली बच्चों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी। वहीं मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक आने-जाने में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की प्रतीक्षा थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से गांव में विकास की उम्मीद जगी है।

शिलान्यास कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य मधुपुर उषा देवी, उनके प्रतिनिधि अजीत कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमाशंकर पटेल, समाजसेवी मनोज चौहान, सुशील प्रजापति, एमबीडी कॉन्वेंट स्कूल के डायरेक्टर सरोज प्रजापति, पूर्व ग्राम प्रधान इकबाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।