मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज (ASMC), सोनभद्र में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगोली, पोस्टर, फेस पेंटिंग और बेकार वस्तुओं से उपयोगी मॉडल बनाकर एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल और उनके अनावश्यक सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम 21 और 22 नवंबर को आयोजित हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से हाथों की सफाई, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव और एंटीबायोटिक दवाओं का चिकित्सक की सलाह पर ही इस्तेमाल करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. बृज नंदन सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. प्रशांत पांडेय, डॉ. हरिकांत और रेजिडेंट चिकित्सकों ने किया।
वहीं, 23 नवंबर को जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें एमबीबीएस 2025 बैच के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को बताया कि बिना जरूरत और चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेने से दवाओं का असर कम हो सकता है। इससे भविष्य में सामान्य संक्रमण का इलाज भी मुश्किल हो सकता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. आइजेन भट्टाचार्य ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का गलत इस्तेमाल पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। इसकी रोकथाम केवल डॉक्टरों की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद जागरूक रहने और समाज को भी जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. सौमित्र, डॉ. सैफअली सिंह, डॉ. मुक्ता, डॉ. चंद्र भूषण यादव, डॉ. अपूर्व झा, डॉ. भैरव, डॉ. सुशील, डॉ. अमित गुप्ता और डॉ. राहुल सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल सोच-समझकर और चिकित्सक की सलाह पर ही करें, ताकि भविष्य में भी इन दवाओं का असर बना रहे।