ब्यूरो@जे0 के0…….

Sonbhadra। जनपद में बेमौसम बारिश और खराब मौसम से किसानों की फसलों को होने वाले संभावित नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने किसानों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, बेमौसम वर्षा अथवा अन्य प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसान तत्काल इसकी सूचना संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दर्ज कराएं, ताकि समय से सर्वेक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसान फसल क्षति की सूचना हेल्पलाइन नंबर 14447 पर दर्ज करा सकते हैं। वहीं, अन्य किसान जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर अपनी शिकायत एवं फसल नुकसान की जानकारी दे सकते हैं।

उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल क्षति होने की स्थिति में सूचना देने में देरी न करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से शिकायत दर्ज कराएं। इससे संबंधित विभागों को नुकसान का आकलन करने और पात्र किसानों को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।