ब्यूरो@जे0 के0/@हनीफ खान……

Sonbhadra । जिले के करमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुचमरवा (भैरोपुर) गांव में गुरुवार सुबह करीब 50 बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे और धान की फसल की कटाई को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इस संघर्ष में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलते ही डायल 112 और करमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और दोनों पक्षों के लोगों को थाने लाकर पूछताछ शुरू की।

50 साल से खेती करने का दावा, हाईकोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा मामला; जानकारी के अनुसार, कुचमरवा गांव में करीब 50 बीघा ग्राम समाज की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। रामप्रकाश मिश्र, बलिराम दत्त मिश्र, रामप्रताप मिश्र, रामचंद्र, राममनोहर और रामसूरत समेत अन्य लोग इस जमीन पर खेती करते रहे हैं। जमीन से संबंधित मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है।

रामप्रकाश मिश्र पक्ष का दावा है कि वे करीब 50 वर्षों से उक्त जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष के अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों का आरोप है कि ग्राम समाज की जमीन पर जबरन कब्जा किया गया है।

धान काटने पहुंचे तो भड़का विवाद; दूसरे पक्ष का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद विवादित जमीन पर खेती बंद हो गई थी और खेत खाली पड़ा था। आरोप है कि इस वर्ष दोबारा जमीन पर जबरन धान की रोपाई कर फसल तैयार कर ली गई।
गुरुवार सुबह जब धान की फसल काटने की कोशिश की गई तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में आठ लोग घायल हो गए।

दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई में जुटी पुलिस;
करमा थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
फिलहाल विवादित जमीन पर कब्जे और खेती के अधिकार को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। जमीन की वास्तविक कानूनी स्थिति न्यायालय के आदेश और राजस्व अभिलेखों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।