ब्यूरो@जे0 के0….

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा में तीन वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही रहने वाले सत्यम को गिरफ्तार किया है। आरोपी जन्म से बोलने में असमर्थ बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मासूम की हत्या कर शव पहाड़ी के पास नदी में फेंक दिया था। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को गुरमा निवासी मंजू देवी ने अपने तीन वर्षीय बेटे के लापता होने की लिखित सूचना चोपन थाने में दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच में गांव के ही सत्यम की भूमिका सामने आई।

पुलिस के अनुसार, मंजू देवी और सत्यम के बीच पहले से अच्छे संबंध थे। घटना वाली रात दोनों ने नशा किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद गुस्से में आकर सत्यम मासूम को अपने साथ ले गया और पहाड़ी के पास नदी में उसकी हत्या कर शव पानी में डाल दिया।

पुलिस ने आरोपी सत्यम को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।