मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..यातायात पुलिस की तत्परता से छठ पूजा के लिए जा रहें श्रद्धालुओं को नहीं हुई परेशानी

रॉबर्ट्सगंज नगर के रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार की भोर बड़े नाले का ढक्कन अचानक टूटने से ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली उसमें धंस गई। यातायात पुलिस की तत्परता से छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले इस मार्ग पर कोई परेशनी नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे क्रॉसिंग के पूर्वी छोर पर बड़े नाले के ऊपर से एक लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। रेलवे लाइन की तरफ मुड़ते समय अचानक नाले का ढक्कन टूट गया और ट्रॉली एक तरफ गहराई में धंसकर बुरी तरह झुक गई। इससे उस पर लदी ईंटें नीचे गिरने लगीं और मार्ग पर आवागमन बाधित होने लगा।

छठ महापर्व के चलते इसी रास्ते से बड़ी संख्या में श्रद्धालु छोटी नहर की ओर जा रहे थे। ऐसे में घटना से श्रद्धालुओं के आवागमन एवं सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त ट्रॉली से ईंटों को दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर उतरवाया और फंसी ट्रॉली को रास्ते से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।

इसके साथ ही टूटी पुलिया के चारों तरफ संकेतक लगाकर लोगों को सतर्क किया गया, ताकि भीड़ के बीच कोई अन्य वाहन अथवा राहगीर दुर्घटना का शिकार न हो।

छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यातायात पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बड़ी समस्या टल गई। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की सूझबूझ, तत्परता और जिम्मेदारी की सराहना की। हालांकि घटना ने नगर के प्रमुख मार्गों पर स्थित नालों और उनके ढक्कनों की मजबूती की जांच कराने की जरूरत भी उजागर कर दी है।