संवाददाता@रामबली मिश्रा…
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना, सोमवार को पारण के साथ संपन्न हुआ महापर्व

लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ क्षेत्र में बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सोमवार की सुबह व्रती महिलाओं ने उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की। इसके साथ ही विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया।

पर्व के अंतिम दिन सोमवार की भोर में ही व्रती महिलाएं पारंपरिक दउरा में फल, मिठाई, पकवान और पूजन सामग्री लेकर विभिन्न छठ घाटों पर पहुंच गईं।

जलाशयों और सरोवरों में खड़े होकर दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा क्षेत्र छठी मइया के जयकारों से गूंजता रहा।

पर्व को लेकर अजीरेश्वर धाम मंदिर, बीजपुर बाजार, माता दूधइया, बेड़िया हनुमान मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पूजा समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, टेंट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा। कई घाटों पर रातभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।

वहीं पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कर पारण किया। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के बीच समापन हो गया।