चुर्क संवाददाता@संजय सिंह…

सूर्योपासना के महापर्व डाला छठ के अवसर पर रविवार को चुर्क क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर छठी मइया और भगवान भास्कर की उपासना की।

दोपहर बाद गाजे-बाजे और छठी मइया के पारंपरिक गीतों के बीच व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ नदी और तालाबों के घाटों पर पहुंचीं, जहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। चुर्क नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच स्थित शिव मंदिर छठ घाट, रौप तालाब छठ घाट, सहिजन खुर्द छठ घाट तथा सहिजन कला चाड़ी तालाब सहित विभिन्न घाटों पर शाम चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी।

घाटों पर स्थिति ऐसी थी कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी। व्रती महिलाएं अपनी-अपनी वेदियों के सामने पूजन सामग्री रखकर पानी में पश्चिम दिशा की ओर मुख करके खड़ी हो गईं। वहीं, उनके पति और परिवार के अन्य पुरुष सदस्य डलिया में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री लेकर साथ चल रहे थे।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का समय होते ही श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा मनोकामना पूर्ति की कामना की। इसके बाद घाटों पर स्थित वेदियों पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर दीपदान किया गया।

दीपों की रोशनी से नदी और तालाबों के तट जगमगा उठे। विद्युत झालरों से सजे घाटों पर आकर्षक रोशनी ने वातावरण को और भी भव्य बना दिया।

दोपहर बाद से ही छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। नगर से लेकर गांव-देहात तक छठ पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने संतान की सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना के साथ कठिन निर्जला व्रत रखा।

घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए चुर्क चौकी पुलिस की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी लगातार घाटों पर निगरानी करते रहे, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें।