संवाददाता@कामेश्वर विश्वकर्मा…..
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों पर कार्रवाई की मांग

जुगैल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से 29 वर्षीय मजदूर संतोष भारती की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर रोक लगाने की मांग उठाई। जानकारी के अनुसार, महलपुर निवासी संतोष भारती पुत्र सागर सड़क किनारे खड़ा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मध्यप्रदेश मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बालू लदे हाईवा और अन्य भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। कई वाहन बिना नंबर प्लेट के भी सड़कों पर चलते हैं, जिससे हादसों के बाद उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने मांग की कि भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन शिकंजा कसे।

ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही के कारण आम लोगों की जान खतरे में है। जाम की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और मार्ग पर आवागमन बहाल कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की भी मांग की है।

उनका कहना है कि संतोष ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन के बाद दो मासूम बच्चों की परवरिश और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बड़ा सवाल आखिर भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? एक मजदूर की मौत ने दो मासूम बच्चों को पिता के साये से वंचित कर दिया है।

अब जरूरत है कि प्रशासन हादसे को गंभीरता से लेते हुए भारी वाहनों की गति, नंबर प्लेट और यातायात नियमों की निगरानी सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।