संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

नगर पंचायत डाला बाजार के कुरदहवा नाला छठ घाट पर शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छठ पूजा के लिए परिजनों के साथ पहुंचे सात वर्षीय बालक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।

मासूम को डूबता देख मौके पर मौजूद वार्ड नंबर दो के सभासद अवनीश देव उर्फ बब्लू पांडेय और नगर पंचायत अध्यक्ष के छोटे भाई विनय सिंह गोंड ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। दोनों युवकों की तत्परता और साहस से बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम छठ महापर्व के खरना और छोटी छठ के अवसर पर छठ व्रती महिलाएं कुरदहवा नाला घाट पर बेदी पूजन के लिए पहुंची थीं। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटी हुई थी। नई बस्ती डाला निवासी नारायण का करीब सात वर्षीय पुत्र शिवम कुमार भी अपने परिजनों के साथ घाट पर आया था।

इसी दौरान खेलते-खेलते अचानक वह घाट के गहरे पानी में गिर गया। बालक को पानी में डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी बीच छठ घाट पर व्यवस्थाओं में जुटे विनय सिंह गोंड और सभासद अवनीश देव उर्फ बब्लू पांडेय की नजर डूबते बालक पर पड़ी। दोनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल पानी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद मासूम को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया। बालक को सुरक्षित देख परिजनों ने राहत की सांस ली।

दोनों युवकों की सूझबूझ, साहस और तत्परता की घाट पर मौजूद लोगों ने सराहना की। उनकी बहादुरी से एक परिवार की खुशियां उजड़ने से बच गईं।