ब्यूरो@जे0 के0……
जनपद के 2.54 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ, प्रत्येक सिलेंडर पर 1026 रुपये की सब्सिडी

Sonbhadra। दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात दी है। मंगलवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण सोनभद्र के डीपीआरसी सेंटर में किया गया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।

जीत सिंह खरवार ने कहा कि उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। दीपावली पर दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सुविधा से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र में उज्ज्वला योजना के 2,54,745 लाभार्थी परिवार पंजीकृत हैं। सभी पात्र परिवारों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों और गैस एजेंसियों को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रदेश में 1.89 करोड़ से अधिक उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने करीब 1500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है। प्रत्येक सिलेंडर रिफिल पर कुल 1026 रुपये की सब्सिडी निर्धारित की गई है।

इसमें राज्य सरकार की ओर से 659.33 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 366.67 रुपये दिए जाएंगे। इस पहल से गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।