संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश से केरल जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मालवीय भवन में विशेष उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत चतुर्वेदी ने दल में शामिल छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
कुलपति ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि नए परिवेश और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालना यात्रा का महत्वपूर्ण अनुभव और सीख है। उन्होंने कहा कि ‘युवा संगम’ युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केरल की विविधता को उत्साहपूर्वक समझने और भारत की एकता की भावना को अनुभव करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्रालय के दो प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को यात्रा से संबंधित प्रशिक्षण दिया। इसमें सुरक्षा, अनुशासन, प्रोटोकॉल, दलगत समन्वय तथा सांस्कृतिक एवं अकादमिक कार्यक्रमों में सहभागिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मालवीय भवन के निदेशक प्रो. पतंजलि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शुभकामनाएं दीं। डॉ. बाला लखेंद्र ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और यात्रा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, प्रतिनिधि और चयनित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में दल को उत्साहवर्धक नारों और मंगलकामनाओं के साथ केरल के लिए रवाना किया गया।