मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में पटाखों की दुकानें लगाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन की ओर से पटाखा बिक्री के लिए करीब 10 क्लस्टर निर्धारित किए जा रहे हैं। कारोबारियों को तीन दिन का अस्थायी लाइसेंस जारी किया जाएगा। प्रत्येक क्लस्टर में अधिकतम 50 दुकानें लगाने की व्यवस्था होगी।

तीन दिवसीय दीपोत्सव धनतेरस के साथ शुरू होगा। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। कपड़े, मिठाई, आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों के साथ कार व बाइक के शोरूम भी सजने लगे हैं। वहीं, पटाखा कारोबारियों ने भी दुकानें लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।

रॉबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान में प्रदर्शनी लगने के कारण इस बार पटाखों की दुकानें डायट परिसर में लगाई जाएंगी। इसके अलावा रेणुकूट में गांधी मैदान, अनपरा में काशी मोड़ के समीप खाली परियोजना ग्राउंड, ओबरा में गांधी मैदान, शक्तिनगर में ज्वालामुखी मंदिर ग्राउंड, दुद्धी और बीजपुर में रामलीला मैदान तथा चोपन में सब्जी मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर क्लस्टर बनाए जा रहे हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज में पटाखा दुकानों के लिए अब तक 10 आवेदन प्राप्त हुए हैं। डायट परिसर में दुकानें लगाने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा। प्रत्येक दुकान पर दो अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टी और पानी से भरा टैंक रखना होगा। इसके साथ ही क्लस्टर में अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थानों पर लाइसेंस लेकर ही पटाखों की दुकानें लगाई जा सकेंगी। नगर में अन्य स्थानों पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं है। बिना लाइसेंस या निर्धारित स्थल से बाहर दुकान संचालित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने आमजन से अपील की कि निर्धारित दुकानों से ही पटाखे खरीदें और सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाएं। पटाखे जलाते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें और ज्वलनशील वस्तुओं से दूर खुले स्थान पर ही आतिशबाजी करें।