चोपन संवाददाता@ कृपा शंकर पांडेय…

जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक वाहन से 52 किलो 745 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बरामद गांजे की कीमत करीब 26 लाख40 हजार रुपये और वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 1:55 बजे चोपन थाना क्षेत्र में प्रीतनगर कस्बा चौकी के सामने कार्रवाई की गई। इस दौरान चार प्लास्टिक की बोरियों में रखा कुल 52 किलो 745 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के कटया थाना क्षेत्र के बहेरवां निवासी सतेन्द्र यादव (39), हरेरवां निवासी अनूप उपाध्याय (25) और मोतीपुर निवासी राजन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई मुकदमा अपराध संख्या 0396/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60 से संबंधित मामले में की गई है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह सहित थाना चोपन और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।