संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— जटखोर नदी से जल लेकर दुर्गा मंदिर पहुंचीं महिलाएं और युवतियां, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई घट स्थापना; भक्तिमय हुआ पूरा कस्बा

शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही म्योरपुर कस्बे में रविवार को भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कस्बे में स्थित दुर्गा मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। इसमें महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।

कलश यात्रा में शामिल महिलाओं और युवतियों ने जटखोर नदी से जल उठाया। इसके बाद सिर पर कलश धारण कर कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए दुर्गा मंदिर पहुंचीं। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से घट स्थापना की गई। इसके साथ ही नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र के धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हो गया।
मां दुर्गा की आराधना में जुटे श्रद्धालु; नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र के कल्याण की कामना की। नवरात्र को लेकर दुर्गा मंदिर सहित पूजा पंडालों में तैयारियां की गई हैं। धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान इस मौके पर दीपक सिंह, जितेंद्र केशरी, सुजीत कुमार अग्रहरि सोनू केसरी, रितिक केशरी, रमाशंकर गुप्ता, दीपक अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।