मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..आयोजकों को दिए निर्देश, आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर

नवरात्रि के मद्देनजर रॉबर्ट्सगंज नगर में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रविवार को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी करन सिंह यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पंडालों में आग से बचाव के उपायों, आपातकालीन निकास मार्ग, बिजली के तारों की सुरक्षित व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
करन सिंह ने कहा कि पंडाल के चारों ओर पर्याप्त खुली जगह रखी जाए और बाहर निकलने के रास्तों में किसी प्रकार की बाधा न हो। बिजली के तारों को सुरक्षित कनेक्टर से जोड़ने तथा आपातकालीन रोशनी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

अग्नि सुरक्षा संबंधी निर्देशों के तहत पंडालों में निर्धारित स्थानों पर अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू की व्यवस्था रखने को कहा गया। साथ ही ज्वलनशील सामग्री के प्रयोग से बचने, पंडाल के अंदर धूम्रपान नहीं करने और आतिशबाजी को पंडाल से दूर रखने की हिदायत दी गई।

अग्निशमन विभाग ने आयोजकों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि नवरात्रि के दौरान किसी भी संभावित अग्निकांड से बचा जा सके।

उन्होंने बताया की किसी भी आपात स्थिति ने निपटने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह तैयार है। नवरात्रि मेले के दौरान अग्निशमन की गाड़ियां रॉबर्ट्सगंज नगर के स्वर्ण जयंती चौक, घोरावल बाजार, डाला मंदिर एवं अमिला धाम तैनात रहेंगी।
