Last Updated:
महानायक अमिताभ बच्चन आज 84 साल के हो चुके हैं. 5 दशकों से अधिक लंबे अपने शानदार फिल्मी करियर में बिग बी ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन किरदार निभाकर भारतीय सिनेमा की परिभाषा ही बदल दी है. उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर उन 8 दमदार फिल्मों पर एक नजर डालते हैं जिनमें उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया और फिर उन्हें ‘सदी का महानायक’ कहा जाने लगा.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज यानी 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं. दशकों से अपने अभिनय के दम पर भारतीय सिनेमा पर राज करने वाले बिग बी ने पर्दे पर एक से बढ़कर एक यादगार किरदार निभाए हैं. उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको 8 चुनिंदा फिल्मों की लिस्ट बता रहे हैं, जिन्होंने अमिताभ बच्चन को महानायक बना दिया है. सबकी सब मस्ट वॉच हैं. यहां पर देखिए लिस्ट.
जंजीर: साल 1973 में आई एक्शन क्राइम ड्रामा ‘जंजीर’ ने अमिताभ बच्चन के करियर को नई दिशा दी. प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में अमिताभ के साथ जया बच्चन, प्राण, अजीत खान और बिंदु जैसे सितारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थींय इसी फिल्म से अमिताभ बच्चन को भारतीय सिनेमा में पहली बार ‘एंग्री यंग मैन’ की पहचान मिली, जिसने उन्हें रातों-रात बॉलीवुड का सुपरस्टार बना दिया. (फोटो साभार: IMDb)
दीवार: अमिताभ बच्चन की क्लासिक फिल्म ‘दीवार’ 1975 में रिलीज हुई थी. इस मूवी ने अमिताभ बच्चन के ‘एंग्री यंग मैन’ वाले अवतार को और ज्यादा मजबूती दी. फिल्म की कहानी दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है. विजय (अमिताभ बच्चन), जो अपराध की राह चुन लेता है और दूसरा रवि (शशि कपूर) एक ईमानदार पुलिस अफसर बनता है. दोनों भाइयों के बीच का टकराव और उनके डायलॉग्स आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हैं. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google
शोले: भारतीय सिनेमा के इतिहास में ‘शोले’ एक मील का पत्थर मानी जाती है. यह आइकॉनिक एक्शन-एडवेंचर फिल्म दो दोस्तों जय (अमिताभ बच्चन) और वीरू (धर्मेंद्र) की कहानी है, जिन्हें एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी कुख्यात डाकू गब्बर सिंह को पकड़ने के लिए हायर करता है. फिल्म की जबरदस्त स्टारकास्ट, शानदार म्यूजिक और जय-वीरू की मिसाली दोस्ती आज भी पॉप कल्चर का हिस्सा है. यह मूवी साल 1975 में आई थी और समय के साथ कल्ट बन गई. (फोटो साभार: IMDb)
अमर अकबर एंथनी: मनमोहन देसाई के निर्देशन में बनी एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा मल्टी-स्टारर फिल्मों में से एक है. फिल्म की कहानी बचपन में बिछड़े तीन भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका पालन-पोषण तीन अलग-अलग धर्मों (हिंदू, मुस्लिम और ईसाई) में होता है. अमिताभ बच्चन के एंथनी गोंसाल्विस वाले मजाकिया अंदाज और शानदार कॉमिक टाइमिंग ने इस फिल्म को सुपरहिट बना दिया. अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना और ऋषि कपूर की यह मूवी 1977 में रिलीज हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)
डॉन: साल 1978 में आई सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘डॉन’ अमिताभ बच्चन के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती है. इसमें बिग बी ने डबल रोल में जान फूंक दी थी. एक तरफ शातिर क्रिमिनल ‘डॉन’, तो दूसरी तरफ उसका सीधा-साधा हमशक्ल ‘विजय’. फिल्म का थ्रिल, बैकग्राउंड स्कोर और अमिताभ का ‘खईके पान बनारस वाला’ डांस आज भी सुपरहिट है. (फोटो साभार: IMDb)
कुली: मनमोहन देसाई की फिल्म ‘कुली’ (1983) में अमिताभ बच्चन ने रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले कुली का यादगार रोल निभाया था. कहानी इकबाल और उसकी मां (वहीदा रहमान) के बिछड़ने के दर्द पर आधारित है. यह फिल्म न सिर्फ अपनी बेहतरीन कहानी और गानों के लिए जानी जाती है, बल्कि शूटिंग के दौरान अमिताभ को लगी गंभीर चोट और उनकी मौत से जंग जीतने की वजह से भी इतिहास में दर्ज है. (फोटो साभार: IMDb)
शहंशाह: राजनीति में तीन साल का सफर तय करने के बाद अमिताभ बच्चन ने (1988) ‘शहंशाह’ के जरिए बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी की थी. टीनू आनंद के निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में अमिताभ ने एक भ्रष्ट पुलिस वाले और रात में जुर्म के खिलाफ लड़ने वाले ‘शहंशाह’ का डबल शेड रोल निभाया था. उनका आइकॉनिक डायलॉग ‘रिश्ते में तो हम तुम्हारे बाप होते हैं’ आज भी हर जुबां पर चढ़ा हुआ है. (फोटो साभार: IMDb)
बागबान: रवि चोपड़ा के निर्देशन में बनी पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘बागबान’ में अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं. यह फिल्म 40 सालों से साथ रह रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति राज और पूजा की इमोशनल कहानी है, जिन्हें उनके ही बच्चे अलग होने पर मजबूर कर देते हैं. इस फिल्म में बिग बी के साथ हेमा मालिनी की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को खूब प्यार मिला. अमिताभ बच्चन की यह फिल्म 2023 में रिलीज हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)
