संवाददाता@अमिताभ मिश्रा……

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फोटो पोस्ट कर अभद्र टिप्पणियां करने और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पिपरी निवासी भाजपा नेत्री इशिका चौबे ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट की जा रही हैं और उनके खिलाफ टिप्पणियां की जा रही हैं।
इशिका चौबे के अनुसार, वह राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए वह क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर रही हैं। इसी बीच फेसबुक पर पं. करुणाकर त्रिपाठी की प्रोफाइल से उनकी तस्वीर पोस्ट की गई। आरोप है कि पोस्ट में प्रत्याशी को लेकर टिप्पणी की गई है।
इसके अतिरिक्त पोस्ट के नीचे नीतू शुक्ला सहित अन्य लोगों की टिप्पणियां भी दिखाई दे रही हैं। इशिका चौबे ने कृष्ण त्रिपाठी और नीतू शुक्ला पर भी फेसबुक के माध्यम से अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट और टिप्पणियों से उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मामले को लेकर पिपरी थाना प्रभारी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि इशिका चौबे की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
