मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

नाबालिग पीड़िता की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर अवैध संबंध बनाने के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने वांछित आरोपी विकास गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर कार्रवाई के क्रम में यह गिरफ्तारी की गई। मामले में आरोपी पर नाबालिग पीड़िता की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण करने का आरोप है। इस संबंध में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 829/2026 दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी विकास गुप्ता पुत्र राजकुमार उर्फ राजू गुप्ता, रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के अम्बेडकर नगर स्थित टीचर्स कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल विश्वकर्मा और कांस्टेबल सुशांत त्रिपाठी शामिल रहे।

