संवाददाता@ख्वाजा खान…..
— भाकपा ने तत्काल बिजली बहाल करने और नए तार-पोल लगाने की मांग की, आंदोलन की चेतावनी

बभनी विकासखंड की ग्राम पंचायत डूभा-संवरा में जर्जर विद्युत तार एवं पोल के कारण ग्रामीण लंबे समय से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। आए दिन फाल्ट होने से विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जेई और लाइनमैन समय से मौके पर नहीं पहुंचते, जिससे उन्हें घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला काउंसिल सोनभद्र ने विद्युत व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में पुराने और जर्जर तार-पोल ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं। विभागीय स्तर पर आवश्यक नट-बोल्ट, तार और अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण छोटी खराबी भी लंबे समय तक ठीक नहीं हो पाती।
बताया गया कि बुधवार को तेज बारिश के दौरान डूभा-संवरा के करौंदिया टोला में दो विद्युत पोल टूटकर गिर गए। इससे टोले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। भाकपा ने कहा कि सरकार हर घर बिजली पहुंचाने का दावा कर रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी जर्जर तार-पोल के सहारे व्यवस्था संचालित हो रही है।

भाकपा ने टूटे दोनों पोल तत्काल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने, पुराने जर्जर तार-पोल हटाकर नए लगाने तथा स्थायी व्यवस्था होने तक सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था से विद्युत आपूर्ति शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा गौहन टोला की पूरब बस्ती में अगरिया से मानदेव के घर तक नए तार-पोल लगाकर विद्युतीकरण कराने की भी मांग की गई।
जिला सह-सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई कर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की तो ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर भाकपा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में योगेंद्र कुमार जयपाल, जोखन सिंह, प्रदीप कुमार, शिवमंगल, जगमोहन, लल्लन यादव, गुड्डू, कमलेश, नन्हू, यदुबीर, अर्जुन सिंह, पर्वतीय देव, फुलकुंवर, सुनीता, अंजनी कुमार गुप्ता, गुप्तनाथ यादव, बासमती, रामप्रकाश समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

