संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी……

चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के पूर्वी बसुधा में शुक्रवार की रात एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कच्चे मकान के अंदर बड़ेर में लाल साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी बसुधा, कोटा निवासी शारद पठारी (30 वर्ष), पुत्र राज नारायण, शुक्रवार की रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाने के बाद सोने चला गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार की भोर में जब परिजनों की नींद खुली तो युवक का शव घर के अंदर बड़ेर में लाल साड़ी के फंदे के सहारे लटकता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। घर में चीख-पुकार मच गई, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

शनिवार को घटना की सूचना चोपन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।बताया गया कि मृतक परिवार का बड़ा बेटा था।

उसके परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं, जिनमें दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक का एक पांच वर्षीय बेटा भी है। वह करीब दो महीने पहले ही घर आया था। युवक की असमय मौत से पत्नी, बच्चे और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।