संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय……

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में बुधवार को विकासखंड चोपन में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित यात्रा में विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विकासखंड चोपन परिसर से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले ग्रामीण सोन नदी के पुल को पार करते हुए पटवध अमिला मोड़ तक पहुंचे। इसके बाद यात्रा वापस सोन नदी पुल होते हुए ब्लॉक परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

यात्रा में विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ ब्लॉक प्रमुख की ओर से भी कई लोगों ने सहभागिता की। वहीं ओबरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री की ओर से भी प्रतिनिधियों ने पहुंचकर तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
ग्राम प्रधानों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देना है। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।

ब्लॉक प्रशासन की देखरेख में यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। आयोजकों ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।








