संवाददाता@मनीष कुमार…..

स्वतंत्रता दिवस के पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सोमवार को भाजपा मंडल दुद्धी के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। घर-घर तिरंगा पहुंचाने और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, बच्चे और नगरवासी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान से हुआ। यात्रा संकट मोचन मंदिर होते हुए काली मंदिर तिराहा पहुंची और वहां से वापस रामलीला मैदान आकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। यात्रा की अगुवाई दुद्धी विधानसभा के निवर्तमान प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड़, दुद्धी मंडल प्रभारी विशाल पांडेय और नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन समेत भाजपा नेताओं ने की।

श्रवण सिंह गोंड़ ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान और संघर्ष को याद करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मंडल अध्यक्ष दीपक शाह और यात्रा संयोजक मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हर वर्ष गांव-गांव और शहरों में तिरंगा यात्रा निकाली जाती है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और वीरों के बलिदान से परिचित कराना भी है।

इस दौरान दिलीप पांडेय, सुमित सोनी, पंकज अग्रहरि, बुल्लू, जितेंद्र चंद्रवंशी, राजेश्वर श्रीवास्तव, प्रेम नारायण, मोनू सिंह, धीरज जायसवाल, धनंजय रावत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।







