मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..
— ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षणार्थियों को बांटे गए प्रमाण पत्र

हुनर को रोजगार से जोड़कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रॉबर्ट्सगंज के न्यू कॉलोनी स्थित ब्यूटीशियन सेंटर में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हुआ।
‘आत्मनिर्भर भारत महिला सशक्तिकरण महा अभियान’ के तहत आयोजित प्रशिक्षण में महिलाओं को ब्यूटी पार्लर संचालन से जुड़े विभिन्न कौशल और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

केंद्र की संचालिका रोहिणी विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मेकअप, फेशियल, हेयर स्टाइलिंग सहित ब्यूटी पार्लर से संबंधित विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही अपना ब्यूटी पार्लर शुरू करने, ग्राहकों से जुड़ने और स्वरोजगार को आगे बढ़ाने की जरूरी जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपना रोजगार शुरू कर सकें।

प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि उन्हें ब्यूटी पार्लर के कुछ कार्यों की पहले से जानकारी थी, लेकिन प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक तकनीक और नई विधियों की जानकारी मिलने से उनके कौशल में काफी निखार आया है। अब वे इस हुनर को रोजगार का माध्यम बनाने के लिए उत्साहित हैं।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा सोनभद्र की मीडिया प्रभारी कविता यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना महिला सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सीखे हुए हुनर का उपयोग कर स्वयं रोजगार खड़ा करने और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस मौके पर साक्षी, प्रियंजलि, आंचल विश्वकर्मा, बेबी, सुनीता, चंदा, कुसुम, नैंसी सहित अन्य प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहीं।









